-->

Breaking News

शादी का झांसा देकर रेड लाइट एरिया में लड़की से कराया जा रहा था देह व्यापार दो महिला समेत चार गिरफ्तार

MUZAFFARPUR : शादी का झांसा देकर पूर्णिया से भगाकर लाई गई किशोरी को पुलिस ने मुजफ्फरपुर के रेडलाइट एरिया से बरामद कर लिया है। किशोरी से देह व्यापार कराने की सूचना पर डीएसपी नगर डीएसपी रामनरेश पासवान के नेतृत्व में चतुर्भुज स्थान मुहल्ले में छापेमारी की गई थी। इसमें नगर थाना, मिठनपुरा व महिला थाना पुलिस शामिल थी। यह छापेमारी शाम पांच बजे से रात के आठ बजे तक चली। किशोरी को देह व्यापार में उतारने के आरोपित रोशन, जूली उसके पति मो. ढल्लू व फरीदा खातुन उर्फ नेहा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से दो कंडोम के पॉकेट मिले हैं।


किशोरी जिस मकान से बरामद हुई है, उसे पुलिस ने सील कर दिया है। पूछताछ में मानव व्यापार के रैकेट का तार पूर्णिया व कटिहार से जुड़े होने की बात सामने आ रही है। इस मामले में महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की चिकित्सीय जांच कराई जाएगी। शनिवार को कोर्ट में किशोरी का बयान कराया जाएगा। इससे पहले छापेमारी से रेडलाइट एरिया में हड़कंप मच गया। देर रात रेडलाइट एरिया से बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरुष नगर थाना पर पहुंचे। कुछ आरोपितों को निर्दोष बताकर छोडऩे का दबाव बनाने लगे। हालांकि, पुलिस ने सभी को लौटा दिया।

एनजीओ की सूचना पर मामला आया सामने

तीन माह पहले चतुर्भुज स्थान मोहल्ले का रोशन पूर्णिया की एक किशोरी (14) को शादी का झांसा देकर मुजफ्फरपुर भगा लाया। यहां लाकर उसे जबरन देह व्यापार में उतार दिया। इसका विरोध करने पर उसकी पिटाई की जाती थी। उसे कमरे में बंद रखा जाता था। कुछ दिन पहले उसे किसी तरह मोबाइल हाथ लगा। उसने इंटरनेट पर मानव व्यापार रोकने के क्षेत्र में काम करने वाली एनजीओ को खोज की। 

उसे मुबंई की एक एनजीओ फ्रीडम फोरम के कानपुुर कार्यालय का पता चला। इंटरनेट से एनजीओ के संचालक का मोबाइल नंबर मिला। उसने संचालक को पूरी व्यथा व उसे रखने का पता बताया। एनजीओ के संचालक व अन्य मामले की गंभीरता समझ मुजफ्फरपुर आकर वरीय पुलिस अधिकारी को पूरी कहानी बताई। डीएसपी नगर रामनरेश पासवान के नेतृत्व में कई थाना की पुलिस टीम बताए गए चिह्नित स्थान पर छापेमारी की।

 इसमें किशोरी बरामद कर ली गई। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि रोशन प्रेमजाल में फंसाकर लड़कियों से शादी करता था। फिर उसे मुजफ्फरपुर के रेडलाइट एरिया में बेच देता था। सिटी एसपी राजेश कुमार ने कहा कि मानव व्यापार की सूचना पर रेडलाइट एरिया में छापेमारी की गई। किशोरी को बरामद कर लिया गया है। आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। 

INPUT-DAINIK JAGRAN

1 टिप्पणी: