2023/06/30

रोसड़ा में गर्भपात कराने पहुंची महिला के नवजात को अस्पताल संचालक ने बेचा, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार...

SAMASTIPUR : समस्‍तीपुर में पति को छोड़ चुकी एक शादीशुदा महिला को युवक ने पहले प्रेम जाल में फंसाया फिर शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और मोबाइल में उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने लगा।

 महिला यौन शोषण का शिकार हो रही थी जब सात माह की गर्भवती हुई तो उसे गर्भपात के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया।

 रोसड़ा ब्लॉक रोड स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद नवजात को गायब करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद महिला थाने की पुलिस ने अस्पताल के संचालक व कंपाउंडर को गिरफ्तार किया है।

 गिरफ्तार लोगों में अस्पताल संचालक रामबालक महतो एवं कंपाउंडर भरत कुमार शामिल है। इनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य आरोपी की तलाश में छापेमारी करने में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार पति के छोड़ने के बाद एक महिला अपने प्रेमी के साथ कई वर्षों से रह रही थी। उसी दौरान वह गर्भवती हो गयी। जिसके बाद महिला रोसड़ा के एक निजी अस्पताल में गर्भपात कराने के पहुंची।

लेकिन उसके गर्भ में पल रहा बच्चा सात माह का हो गया था। जिसके कारण डॉक्टर ने उसका गर्भपात करने से मना कर दिया। उसके बाद उक्त निजी अस्पताल में ही महिला का प्रसव कराया गया। लेकिन प्रसव के बाद बच्चे को गायब कर दिया।

इस मामले में पीड़ित महिला ने अस्पताल संचालक सहित अन्य के खिलाफ महिला थाना में मामला दर्ज कराया। जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए अस्पताल संचालक व कंपाउंडर को गिरफ्तार कर लिया है।

महिला थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी ने बताया कि दो आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। अभी तक बच्चे के बारे में कोई जानकारी संचालक ने नहीं दी है।