2023/02/13

बिहार में तेज हवाएं चलने का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

DESK : मौसम विभाग ने बिहार में तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। राज्य भर में अगले 24 घंटे के भीतर 35 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में नदी में नाविकों और यात्रियों को सावधानी बरतने की चेतावनी दी गई है। राज्य में फिलहाल बारिश का कोई अनुमान नहीं है। वहीं तापमान में बढ़ोतरी से ठंड का असर भी कम होने लगा है।मौसम विभाग के ताजा अलर्ट के मुताबिक 13 फरवरी तक राज्य में सतही हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रहने के आसार हैं। साथ ही झोंके के साथ हवा की रफ्तार 35 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। इसलिए अगले 24 घंटे के भीतर नदी में नाविकों और नाव से यात्रा करने वाले यात्रियों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान के मुताबिक फिलहाल राज्य के वातावरण में बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। अधिकतर जिलों में ठंड का असर कम हुआ है। बीते 24 घंटे के भीतर बांका में सबसे कम 11.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा सभी जिलों में न्यूनतम पारा 12 से 16 डिग्री के बीच रहा। वहीं, अधिकतम तापमान भी लगभग सभी जिलों में 25 डिग्री सेल्सियस के ऊपर है। ऐसे में दोपहर में गर्मी का एहसास हो रहा है।