2021/10/28

समस्तीपुर में पिस्तौल के बल पर विवाहिता का अपहरण,पुलिस जांच में जुटी

SAMASTIPUR : विभूतिपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से पिस्तौल के बल पर एक विवाहिता को अगवा कर लेने का मामला प्रकाश में आया है। घटना को लेकर अपहृता के पति अजय कुमार ने स्थानीय थाने में एक प्राथमिकी दर्ज करवाई है। इसमें गांव के ही मंटून कुमार और एक अज्ञात को आरोपित किया है। प्राथमिकी में कहा है कि आरोपी उससे कई बार 50 हजार रूपये की मांग कर रहा था। अन्यथा, उसकी पत्नी को उठाकर बेच देने की बातें कहा करता था। इसे अपहृता का पति हंसी मजाक समझ रहा था। 

क्योंकि दोनों हम उम्र थे। घटना की संध्या आरोपी मंटून अपने मालवाहक गाड़ी से उसके घर पर आया। उस समय उसकी मां, पत्नी और बच्चे घर पर थे। दोनों आरोपियों ने पिस्तौल का भय दिखाकर उसकी पत्नी को उठा लिया। जब उसकी मां ने विरोध किया तो पिस्तौल का भय दिखाकर उसके साथ मारपीट की। 

घर में रखे एक अटैची जिसमें जेवर लगभग 1 लाख 20 हजार रूपये, कपड़ा की कीमत लगभग 20 हजार रूपये और 1 लाख 61 हजार नगद था उसे भी ले गया। कहा है कि आरोपियों ने उसकी पत्नी को कहीं छुपा कर रखा है। आशंका जताते हुए कहा है कि उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देते हुए रुपये के लिए आरोपी कहीं बेच भी सकता है। थानाध्यक्ष चंद्र कांत गौरी ने बताया कि पुलिस मामले की अनुसंधान में जुट गई है।