DESK : भोपाल के कोलार इलाके के दानिश नगर में युवक ने पेड़ पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक साथ में काम करने वाली छिंदवाड़ा की युवती से एक तरफा प्यार करता था। उसने युवती के सामने प्रेम प्रस्ताव रखा, जिसे उसने सिरे से खारिज कर दिया था। यह बात युवक को इतनी नागवार गुजरी की उसने जान दे दी। हालांकि, सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम बोरदा, कोलार में रहने वाला अनिल गौर पिता रूप सिंह गौर (30) कोलार इलाके में निर्माणाधीन मल्टी में काम करता था। उसके साथ छिंदवाड़ा की युवती अपने परिजनों के साथ काम करती है। काम के दौरान युवती से अनिल की दोस्ती हो गई। अनिल दोस्ती को प्यार समझने लगा। बुधवार शाम को उसने युवती से प्यार का इजहार करते हुए शादी करने का प्रस्ताव रखा। इस पर युवती ने उसे शादी की बात से इंकार करते हुए उससे बातचीत ही बंद कर दी। इससे युवक नाराज हो गया। बुधवार रात करीब आठ बजे दानिश नगर पुलिया के पास अनिल ने एक पेड़ पर रस्सी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मौके पर पुलिस को सुसाइड नोट नहीं मिला।
युवती के पुलिस दर्ज करेगी बयान
इधर, घटना के बाद पुलिस युवती के भी बयान लेगी। हालांकि पुलिस को पता चला कि अनिल युवती से एकतरफा प्यार करता था। युवती की उसकी सुसाइड में कोई रोल नहीं है। युवती ने अनिल को कई बार समझाया भी था। पुलिस अनिल के मोबाइल फोन की भी जांच करेगी। जिससे कि आत्महत्या की असल वजह का भी पता चल सके।