PATNA : राजधानी पटना के एक बड़े होटल में शराबबंदी कानून की खुलेआम धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है. जब तक पुलिस पार्टी कर रहे लोगों को पकड़ पाती, तब तक सभी भाग चुके थे. मिली जानकारी के अनुसार, इस पार्टी में एक लड़की समेत 6 लोग मौजूद थे. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
वहीं, पुलिस ने होटल मालिक, मैनेजर सहित तीन पर नामजद जबकि अन्य पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. होटल मालिक और कर्मियों की भी पुलिस तलाश कर रही है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि बहुत जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पुलिस के मुताबिक गार्ड ने जानबूझकर गेट खोलने में देरी की. उधर पुलिस की छापेमारी की सूचना पर पार्टी कर रहे लोग पीछे की गेट से फरार हो गए. पुलिस की टीम जब होटल के कमरे में पहुंची तो वहां से शराब से भरी चार बोतल सहित कुल पांच बोतलें बरामद की गई. पुलिस अधिकारी ने बताया कि होटल में गत दिनों हुए पुराने आयोजनों की जानकारी भी जुटाई जा रही है.