2021/10/25

बिहार : दहेज के लिए नवविवाहिता को मार डाला :4 महीने पहले हुई थी शादी, दहेज में बाइक नहीं देने पर मर्डर का आरोप

BHOJPUR : भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र के हीरा टोला गांव में शनिवार की दोपहर एक नवविवाहिता की हत्या कर दी गई। मृतका के चाचा ने उसके ससुराल वालों पर दहेज में बाइक नहीं देने पर रस्सी से गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका की सास को छोड़ बाकी सभी लोग फरार हैं। इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया।

दहेज में बाइक नहीं दी तो कर दी हत्या
मृतका की पहचान पीरो थाना क्षेत्र के हीरा टोला गांव निवासी गुड्डू चौधरी की पत्नी पार्वती देवी (19) के रूप में हुई है। मृतका के चाचा गुलाबचंद ने दहेज में बाइक की मांग को लेकर उसके ससुराल वालों पर रस्सी से गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि "उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कसाप गांव निवासी मुन्ना चौधरी ने अपनी पुत्री पार्वती देवी की शादी पीरो थाना क्षेत्र के हीरा टोला गांव निवासी नेपाली चौधरी उर्फ रविन्द्र चौधरी के पुत्र गुड्डू चौधरी से हुई थी। शादी इसी वर्ष के 26 जून को हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही उसके पति और ससुराल वालों द्वारा उसके परिजन से बाइक की मांग की जा रही थी। जिसको लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी बीच शनिवार की दोपहर मृतका की ननद द्वारा फोन से सूचना दी गई थी पार्वती देवी की मृत्यु हो गई है।"

ससुराल वाले फरार
गुलाबचंद ने बताया कि सूचना पाकर मृतका के परिजन के साथ ससुराल हीरा टोला गांव पहुंचे तो देखा कि मृतका की सास को छोड़कर बाकी सभी लोग घर से फरार थे। जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी।

वहीं पुलिस द्वारा बनाए गए मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार फांसी लगाने के कारण मृत्यु होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। वहीं पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।