SAMASTIPUR : बिहार के हाजीपुर में रविवार की शाम एक करोड़ 77 लाख के सोने-हीरे के जेवरात की लूट मामले का पर्दाफाश होने से पहले अपराधियों ने बड़ी वारदात अंजाम दे दिया। औद्योगिक थाना क्षेत्र के पासवान चौक के निकट सोमवार की शाम लुटेरों ने पटना के बाकरगंज के कारोबारी से 28 किलो चांदी लूट ली। व्यवसायी के साथ लूट की वारदात तब हुई जब वे पटना से समस्तीपुर रोसड़ा जा रहे थे।
कार से जाने के दौरान लुटेरों ने रास्ते म में रोककर गाड़ी के शीशा को तोड़ा और मारपीट करते हुए करीब 28 किलो चांदी लूट ली। घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे फरार हो गए। हाजीपुर सदर एसडीपीओ राघव दयाल ने बताया कि 28 किलो चांदी की लूट की जानकारी दी गई है। औद्योगिक थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। लूट की इस घटना को लेकर सभी थानों की पुलिस को अलर्ट करते हुए वाहनों की सघन चेकिंग का निर्देश दिया गया है।
गौरतलब है कि नगर थाना क्षेत्र के अनवरपुर चौक स्थित आदित्य ज्वेलर्स दुकान से रविवार की शाम बदमाशों ने एक करोड़ 77 लाख के सोने-चांदी के जेवरात व कैश की लूट की थी। दो ग्राहक एवं शाप के कर्मचारी से मोबाइल, पर्स भी लूट लिए गए थे। वारदात के बाद आधा दर्जन अपराधी दुकानदार का मोबाइल एवं सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे। घटना को अभी 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि अपराधियों ने फिर बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया है।