SAMASTIPUR : बिहार के समस्तीपुर में महज 10 रुपए के लिए एक शख्स की हत्या कर दी गई. घटना जिले के रोसड़ा अनुमंडल क्षेत्र के बिथान थाना इलाके की है. जानकारी के मुताबिक बाढ़ से प्रभावित इस इलाके में नाव का किराया मांगने को लेकर विवाद हुआ था और इसी विवाद में 17 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई.
जानकारी के अनुसार गांव में बाढ़ आने के बाद आवागमन को लेकर नाव का सहारा लेना पड़ता है। इसी को लेकर किशोर इन दिनों नाव चलाता था। सिकिल यादव इन दिनों बनभौरा गांव से लरझाघाट तक नाव चलाता था। वह लोगों से किराया लेकर नदी पार कराता था। रविवार की शाम नाव से पार कराने पर 10 रुपये मांगने पर एक व्यक्ति से विवाद हो गया। इसको लेकर दोनों के बीच काफी कहा सुनी भी हो गई थी। स्वजनों का आरोप है उसी व्यक्ति ने गोली मारकर हत्या कर दी है। गोली उसके दाहिने साइड पेट में लगी। घटना को लेकर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
मृतक के पिता द्वारा थानध्यक्ष के समक्ष दिए गए फर्द बयान में बनभौरा गांव के सरयुग यादव के पुत्र अनिल यादव एवं रणवीर यादव को नामजद किया गया है। फर्द बयान में कहा है कि रविवार की संध्या अनिल यादव लरझाघट से बनभौरा गांव नाव से आया था। 10 रुपया नाव किराया को लेकर विवाद हो गया। ग्रामीणों द्वारा बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया गया। सोमवार की सुबह उसका पुत्र अपने घर के सामने सड़क पर खड़ा था। इसी बीच रणवीर यादव एवं अनिल यादव पहुंचा।
अनिल यादव ने सिकिल यादव का हाथ पकड़ लिया और खींचकर ले जाने लगा। विरोध करने पर रणवीर यादव ने उसके पेट में गोली मार दी और भाग गया। स्थानीय लोग इलाज के लिए उसे ले जा रहे थे कि रास्ते में नाव पर ही उसने दम तोड़ दिया। घटन की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मो. खुशबुद्दीन, एसआई अमानुल्लाह खान, संजीव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।