SAMASTIPUR : समस्तीपुर जिला में बैखोफ अपराधियों का तांडव जारी है। सोमवार को जिला के दो प्रखंड में पुलिसिया व्यवस्था को धत्ता बताते हुए बदमाशों एक के बाद एक तीन लोगों की गोलीमार कर हत्या कर दी। पहली घटना बिथान थाना क्षेत्र के बनभौरा गांव की है। जहां नाव भाड़े को लेकर हुए विवाद में ओम प्रकाश यादव के पुत्र सिकिल कुमार (17 वर्ष) को गोली मार हत्या कर दी।
वहीं दूसरी घटना दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के एनएच 28 की है, जहां तीन बाइक पर सवार छह की संख्या में पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने सुधा मिल्क पार्लर के संचालक से लूटपाट की घटना को अंजाम देते हुए उसके सर में दो गोली मार दी। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं भागने के दौरान सुधा मिल्क पार्लर के कर्मी द्वारा बदमाशों को पकड़ने के दौरान बाइक के पीछे बैठे एक बदमाश ने उसके सीने में गोली दाग मुसरीघरारी की ओर फायरिंग करते हुए भाग निकला।
घटना के बाद जुटे लोगों ने सुधा मिल्क पार्लर के कर्मी सह गाड़ी चालक को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। जहां मौजूद चिकित्सक डॉ. विजयंत कुमार ने उसे गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। बाद में मौजूद चिकिसकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के पचपैका गांव निवासी सुधा मिल्क पार्लर के संचालक स्व.रामचन्द्र राय के पुत्र सुनील कुमार राय (40 वर्ष) व उसके कर्मी चकनवादा वार्ड संख्या पांच निवासी मोती मियां के पुत्र पप्पू कुमार (45 वर्ष) के रूप में हुई है।
हालांकि सुधा मिल्क पार्लर के संचालक से कितनी राशि की लूट हुई है इसका अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। वहीं स्थानीय सुधा काउंटर के लोगों का कहना था कि रोजाना दस लाख रुपए का सेल था। मुहर्रम व रक्षा बंधन को लेकर बीते शुक्रवार से सोमवार तक लगभग 30 लाख रुपए लूट की संभावना जताई जा रही हैं। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ दिनेश कुमार पांडेय, दारोगा नंद किशोर यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल व अस्पताल जाकर जांच पड़ताल में जुटे थे।
वहीं घटना से गुस्साए लोगों ने सुधा मिल्क पार्लर के समीप एनएच 28 को जाम कर दिया। जाम की वजह से एनएच के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई। वहीं जाम स्थल पर मौजूद आक्रोशित लोग पुलिसिया व्यवस्था पर कई तरह के सवाल उठा रहे हैं।
इधर, इस संबंध में एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि घटना पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी से बात हुई है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग आए और पूछा कि दुकान का मालिक कौन है। अंदर से दुकान के मालिक पहुंचे तो एक अपराधी ने गोली मार दिया। वहीं भागने लगे तो उनका ड्राइवर पप्पू ने रोकना चाहा तो उसे भी गोली मार दिया। प्रत्यक्षदर्शी ने यह नही बताया है कि घटना लूट के क्रम में हुई है। कितने पैसे की लूट हुई है। हमलोग वेट कर रहे हैं परिजन जो प्राथमिकी में लिखकर देंगे उसी के हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहां कोई सीसीटीवी भी नही लगा हुआ है। पुलिस जांच में जुटी है।