MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर में रविवार की देर रात सदर थाना क्षेत्र के रामदयालु मलंग स्थान के पास से अपराधियों ने 40 लाख का सरसों तेल लदा ट्रक लूट लिया। विरोध करने पर खलासी महेंद्र को मारपीट कर ट्रक में ही बंधक बना लिया। इसके बाद अचेत हालत में उसे चलती ट्रक से मनियारी इलाके में हाईवे किनारे फेंक दिया। वहीं, ट्रक को लेकर अपराधी समस्तीपुर की तरफ भाग निकले। इससे यही मालूम होता है कि हाईवे पर वाहन लूटपाट करने वाला गिरोह फिर सक्रिय हो गया है।
गश्त लगा रही मनियारी पुलिस की नज़र खलासी पर पड़ी तो उसे उठाकर होश में लाया गया। पूछताछ करने पर असल बात पता चली। उसकी गम्भीर हालत देखते हुए उसे SKMCH में भर्ती कराया गया है। मनियारी पुलिस द्वारा सदर थानेदार सत्येन्द्र मिश्र को घटना की जानकारी दी गयी। सोमवार की सुबह सदर थाना के दारोगा राकेश कुमार राजेश ने मलंग स्थान पर पहुंचकर जांच शुरू की, जिस जगह से ट्रक लेकर बदमाश भागे थे। वहां पर CCTV लगा है। इसे खंगाला जा रहा है।
छपरा जाने वाला था सरसों तेल लेकर
नारायणपुर में रात को 40 लाख का सरसों तेल ट्रक पर लोड हुआ था। इसे छपरा में अनलोड करने जाना था। रात होने के कारण सुबह जाने की बात तय हुई। ट्रक चालक राजेश ने आराम करने के लिए मलंग स्थान के समीप इसे खड़ा कर दिया और वह अपने घर खाना खाने चला गया। खलासी खाना खाकर ट्रक में ही सो गया था।
पुलिस छानबीन में पता लगा कि देर रात मुंह बांधकर लक्ज़री वाहन से अपराधी आधा दर्जन की संख्या में पहुंचे। खलासी को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। ट्रक स्टार्ट कर समस्तीपुर की तरफ भागने लगे। खलासी ने इसका विरोध किया तो जमकर उसकी पिटाई कर दी। मारपीट के कारण वह अचेत हो गया तो उसे फेंक दिया। थानेदार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। आसपास के जिलों के थानेदारों को अलर्ट कराया गया है।ट्रक का नम्बर जारी कर दिया गया है। पुलिस पता लगाने में जुटी है।