2021/07/10

समस्तीपुर : शादी के सवा महीने में ही उजड़ गई दुनिया : पलंग पर थी विवाहिता की लाश, फंदे से लटक रहा था युवक

SAMASTIPUR : समस्तीपुर पटोरी थाना क्षेत्र के बिशनपुर बांदे गांव में एक कमरे से विवाहित जोड़े का शव बरामद किया गया। विवाहिता का शव पलंग पर पड़ा हुआ था जबकि पति का शव छप्पर में फंदे से लटका हुआ था।

 युवक की पहचान गांव के ही रामजी सिंह के पुत्र संजय सिंह (24) के रूप में हुई। पिता ने घटना की सूचना पटोरी थाने को दी। रात 12 बजे घटना की सूचना मिलने के पश्चात थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, एसआई अवधेश सिंह, एएसआई लाल कृष्ण यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। 

जांच के क्रम में पाया कि संजय की पत्नी ममता (20) के गले पर गहरा निशान बना था तथा नाक और मुंह से खून निकल रहा था। अनुमान किया जाता है कि पति-पत्नी में आपसी विवाद हुआ होगा और पति ने उसकी हत्या कर स्वयं फंदा लगाकर जान दे दी।

 पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार संजय की शादी वैशाली जिले के बिदुपुर स्थित गोविदपुर चकौसन निवासी नागदेव सिंह की बेटी ममता से मई महीने में हुई थी। 

संजय उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में रहकर मकान के सेंट्रिग का काम करता था। शादी के बाद से वह घर पर ही रह रहा था। शुक्रवार की देर शाम कहीं से मोबाइल कॉल आने के कारण उसका विवाद पत्नी से हुआ और विवाद बढ़ता चला गया। लगभग 8 बजे शाम में वह पत्नी के साथ कमरे में बंद हुआ। एक डेढ़ घंटे तक दोनों में बहस होती रही जिसकी आवाज बाहर वालों ने सुनी।

 जब आवाज आनी बंद हो गयी तो लोगों को शक हुआ। उसकी बहन बगल की दीवार पर चढ़कर जब देखी तो ममता की लाश पलंग पर पड़ी हुई थी और उसका भाई छप्पर से प्लास्टिक की रस्सी से लटक रहा था। लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। इस बीच उसके पिता रामजी सिंह, जो सब्जी बेचते हैं, पटोरी से सब्जी बेच कर घर पहुंचे। 

जब उन्हें भी घटना की जानकारी हुई तो इसकी सूचना पुलिस को दी। घर पर मृतक की दो छोटी छोटी बहन मौजूद थी। मृतक की 12 वर्षीय बहन पूजा के अनुसार मां सीता देवी अपने मायके महनार गई थी । जो घटना की सूचना मिलने के बाद आयी। मामले की तफ्तीश शुरू कर दी गई है।