2021/06/10

हाथ की नस काटकर जान देने की कोशिश, लड़की की मौत, युवक अस्‍पताल में,रेप का लगाया था आरोप

DESK : इंदौर मालवीय नगर में मंगलवार शाम को युवक और युवती ने हाथ की नस काटकर जान देने की कोशिश की। ज्यादा खून बह जाने के कारण 24 वर्षीय युवती की मौत हो गई। युवक अजल पुत्र मानसिंह अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। बुधवार को युवती के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

इस दौरान युवती के भाई ने युवक पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया फिर उसका गला दबाकर मारने की कोशिश की और हाथ की नस काट दी, जिससे युवती की मौत हो गई। अजल ने हत्या के आरोप में फंसने के डर से षड्त्र रचा और खुद की भी नस काट ली, जिससे किसी को शक न हो। युवती के भाई ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बारे में अजल के भाई को भी पता है, दोनों ने मिलकर प्रेम-प्रसंग की कहानी बनाई है। युवती के भाई ने दोनों के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग बात से मना किया है।

विजयनगर थाना पुलिस ने बताया कि मंगलवार शाम को सूचना मिली थी कि प्रेम प्रसंग के चलते युवक और युवती ने अपनी नसें काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। ज्यादा खून बहने के कारण लड़की की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मालवीय नगर में रहने वाला 27 वर्षीय अजल पुत्र मानसिंग और 24 वर्षीय युवती दोनों पड़ोस में ही रहते थे। अजल किराए से रहता है। अजल मूलत: खंडवा का रहने वाला है।

अजल ने अपने भाई को फोन लगाकर घटना की सूचना दी थी। दोनों को बेसुध हालत में अस्पताल ले गए। तब तक लड़की की मौत हो चुकी थी। पहले यह बात सामने आई थी कि दोनों के माता-पिता एक दूसरे के खिलाफ हैं और शादी के लिए राजी नहीं है। इस कारण उन्होंने यह कदम उठाया। युवती के स्वजनों के आरोप के बाद पुलिस मामले में जांच करने के बाद आगे कार्रवाई करेगी।