2021/06/10

समस्तीपुर : रोसड़ा में दाह संस्कार के बाद नदी में नहाने गये 2 युवक गहरे पानी में डूबे, गोताखोर द्वारा खोजबीन जारी

SAMASTIPUR : समस्तीपुर जिले के रोसड़ा में दाह संस्कार में गए दो युवक की बूढ़ी गंडक नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई है। डूबे हुए लोगों की स्थानीय गोताखोरों की ओर से तलाश की जा रही है। इस बीच घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। खबर लिखे जाने तक दोनों लोगों के शव को नदी से बाहर नही निकाला जा सका है।


बताया जाता है कि गुरूवार को एक दाह संस्कार के बाद जब लोग नहाने गए तो अचानक नहा रहे दो युवक नदी के गहरे हिस्से में चले गए। इस बीच कुछ अन्य लोग समझ पाते, तब तक दोनों युवक डूब गए। वहां नहा रहे अन्य लोगों ने जब युवक के बारे में पूछा तो वे कहीं नहीं मिले। 

बताया गया है कि प्रखंड के चकथात पश्चिम पंचायत के केलबन्नी सहियार के उपेन्द्र पासवान (62 वर्ष) का निधन हो गया था। रोसड़ा पुरानी रेल पुल स्थित उनका अंतिम संस्कार किया जा रहा था। जिसमें शामिल होने के पश्चात वार्ड सदस्य मनटून दास का पुत्र कुमार गौरव (25 वर्ष) एवं ब्रिंची पासवान का नाती राहुल कुमार (17 वर्ष) उक्त घाट के समीप स्नान करने के क्रम में गहरे पानी में डूब गये।इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों युवक को खोजने में जुट गए हैं।