2021/05/31

समस्तीपुर विधायक के ऊपर जानलेवा हमला, CPIM MLA को दूसरी बार अपराधियों ने बनाया निशाना

SAMASTIPUR  : समस्तीपुर के विभूतिपुर विधानसभा सीट से विधायक अजय कुमार के ऊपर जानलेवा हमला हुआ है। अजय कुमार सीपीआईएम के विधायक हैं और हाल के दिनों में उनके ऊपर दूसरी बार अपराधियों ने हमला किया है। विधायक के कार्यालय के ऊपर दर्जनभर की संख्या में आए अपराधियों ने हमला किया और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ भी की है। इस दौरान उनके गार्ड को चोट भी आई है। 

समस्तीपुर शहर के मालगोदाम स्थित माकपा कार्यालय पर शनिवार रात बदमाशों ने ईंट पत्थर से हमला कर दिया। चारपहिया वाहन से आए एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने कार्यालय के मेन गेट को तोड़ दिया और अंदर घुस आए। एक निजी चारपहिया वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। 

हमलावरों को रोकने के क्रम में विधायक के अंगरक्षक अनिल राम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर दलबल के साथ पहुंची नगर थाने की पुलिस मामले की छानबीन में जुटी गई।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात 10 बजे चारपहिया वाहन और बाइक से आए करीब दर्जन भर बदमाशों ने मालगोदाम स्थित माकपा कार्यालय पर अचानक हमला कर दिया। कार्यालय के मेन गेट को तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। जिस वक्त यह घटना हुई, माकपा नेता सह विभूतिपुर के विधायक अजय कुमार, अंगरक्षक और कुछ कार्यकर्ता कार्यालय में विश्राम कर रहे थे। 

अचानक शोर शराबे की आवाज सुनकर अंगरक्षक अनिल राम और त्रिलोकी कुमार ने मोर्चा संभाना। इस दौरान बदमाशों ने अनिल राम से सर्विस रिवाल्वर छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर उन्हें घायल कर दिया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पूर्व से ही सभी बदमाश भाग निकले। स्थानीय लोगों के सहयोग से जख्मी अनिल कुमार का उपचार कराया गया। 

विधायक अजय कुमार ने बताया कि पिछले दो मई को भी उजियारपुर में बदमाशों ने हमले का प्रयास किया था। इसमें वे बाल-बाल बच गए। लगातार हो रहे हमले को लेकर चिता व्यक्त की। 

अबतक घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक बरामद की है। दो संदिग्ध को हिरासत में लिया है। नगर थाना के सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि हमलावरों की पहचान की जा रही है। आवेदन मिलते ही अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।