2021/05/09

लॉक डाउन के बीच समस्तीपुर में फिर मर्डर,बदमाशों ने ब‍िजली म‍िस्‍त्री को मारी गोली,पुलिस जांच में जुटी

SAMASTIPUR : समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र में आपसी विवाद में खूनी खेल खेला गया है। यहां की वाजिदपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड 13 में चमथा दुर्गा मंदिर के पास देर रात बदमाशों ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। 

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के चमथा मांझीलखुट गांव निवासी जंगबहादुर सिंह के 45 वर्षीय पुत्र वीरेन्द्र सिंह के रूप में की गई है।


घटना की सूचना पर दलसिंहसराय के DSP दिनेश कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए हैं। हत्या का कारण पूर्व से आपसी विवाद बताया जा रहा है। युवक के मर्डर के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।


मृतक की पत्नी कविता देवी और पुत्र बिट्टू कुमार सिंह ने पुलिस को दिए गए बयान में बताया है कि गांव के ही सामदेव ठाकुर और विपिन ठाकुर के बीच जमीन विवाद को लेकर झगड़ा-झंझट चल रहा था। इसी विवाद को लेकर एक पक्ष के पक्षकार सहित अन्य पांच लोगों से मामूली झड़प हुई। इसके बाद कुछ हथियारबंद बदमाशों ने वीरेन्द्र को गोली मार दी।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। DSP दिनेश कुमार पांडेय ने बताया कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। घटना का कारण पूर्व का आपसी विवाद बताया जा रहा है। परिजनों से आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

घटना को लेकर गांव में तनाव व्याप्त है। खबर लिखें जाने तक स्वजनों की ओर से पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने हेतु आवेदन नहीं मिला था। डीएसपी दिनेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रथम दृष्टतया मामला जमीनी विवाद को लेकर आपसी रंजिश व वर्चस्व का ही प्रतीत होता है। प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को शीघ्र ही सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

Source -dainik jagran