2021/05/18

समस्तीपुर में फंदे से लटका मिला नव विवाहिता का शव, 6 महीने पहले की थी लव मैरिज,पुलिस छानबीन में जुटी

SAMASTIPUR : मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटबसेपुरा स्थित वार्ड 7 में सोमवार की अलसुबह पुलिस ने संदिग्ध स्थिति में एक नवविवाहिता का फंदे से लटका शव बरामद किया।

 मृतका की पहचान विकास कुमार सहनी की पत्नी खुशबू कुमारी (19 ) के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार उक्त युवक ने छह माह पूर्व पारिवारिक सहमति से प्रेम विवाह किया था। 

उसकी पत्नी पूसा थाना क्षेत्र के सैदपुर की रहने वाली थी। शादी के बाद वह चार माह तक नवविवाहिता के साथ अपने ननिहाल लाटबसेपुरा में रहा। इधर, दो माह पूर्व वह रोजगार की तलाश में मुंबई चला गया। 

वहीं नवविवाहिता उसकी नानी के साथ रहने लगी। उसकी बीमार नानी की देखभाल नवविवाहिता ही कर रही थी। रविवार की देर रात जब बूढ़ी नानी के बार-बार पुकारने पर नवविवाहिता नहीं उठी तो उन्होंने उसके कमरे में झांक कर देखा।

 कमरे में झांकने पर बूढ़ी नानी को पता चला उक्त नवविवाहिता गले में साड़ी का फंदा डालकर पंखे के छत में लगी छड़ से लटक रही है। इस घटना की सूचना तत्काल मुसरीघरारी थानाध्यक्ष और मृतका के मायके वाले को दी गई। घटना की सूचना पर मृतका के मायके वाले एवं पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

 गांव वालों ने पंचायत के माध्यम से इसे निपटाने का प्रयास किया । पर मृतका के मायके वाले इस पर राजी नहीं हुए। मायके वालों का आरोप था उक्त विवाहिता की सुनियोजित षड्यंत्र के तहत हत्या की गई है।

 इन्हीं विवादों के बीच मुसरीघरारी थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। 

इस संबंध में पूछे जाने पर मुसरीघरारी थानाध्यक्ष ने बताया कि इस घटना को लेकर किसी भी पक्ष से कोई आवेदन नहीं मिला है। घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज होने एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

SOURCE - DAINIK JAGRAN