BHAGALPUR : भागलपुर में एक सनकी प्रेमी ने महिला की गोली मार कर हत्या कर दी। उसने ऐसा सिर्फ इसलिए किया क्योंकि महिला ने 14 साल पहले उससे शादी करने से इनकार कर दिया था और किसी दूसरे से शादी कर ली थी। 14 साल से वह बदला लेने के फिराक में था।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जगदीशपुर थानेदार विपिन बिहारी ने बताया कि प्रेम-प्रसंग में हत्या की बात सामने आ रही है। मृत महिला का शादी से पहले आरोपी युवक से प्रेम-प्रसंग था।
मामले में मुख्य आरोपी के सहयोगी को मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही मुख्य आरोपी प्रमोद राय की तलाश में छापेमारी की जा रही है। मृतक बलराम राय की पत्नी सीमा देवी (30) है।
घटना के संबंध में मृत महिला के ससुर वासुदेव राय में बताया कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे उनकी बहू सीमा देवी गांव के पास स्थित गोनू बाबा धाम में पूजा करने के लिए गयी हुई थी।
पूजा कर लौटने के क्रम में उसके पुराने प्रेमी प्रमोद राय ने उसे गोली मार दी। गोली लगते ही सीमा देवी जमीन पर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने कहा कि पुलिस जल्द से जल्द हत्यारे को गिरफ्तार करे और उसे कड़ी सजा दिलाए।
आरोपी प्रमोद राय और सीमा देवी में 14 साल पहले प्रेम-प्रसंग था। जब दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग की खबर घर वालों तक पहुंची तो लड़की पक्ष वालों ने इसका कड़ा विरोध किया। इस बात को लेकर पंचायत भी हुई जिसमें पंचों ने यह निर्णय लिया कि दोनों एक-दूसरे से बात नहीं करेंगे।
इसके बाद सीमा के परिजनों ने उसकी शादी बलराम राय के साथ कर दी। शादी के बाद से सीमा के रास्ते बदल गए और वह अपने घर गृहस्ती में रम गयी थी। सीमा देवी अब एक बेटा (12) और एक बेटी (9) की मां बन चुकी थी।
लेकिन सनकी प्रेमी प्रमोद राय के सिर पर से अभी भी प्यार का बुखार उतरा नहीं था। सोमवार की सुबह आरोपी प्रमोद राय ने अपने एक साथी मनीष कुमार के साथ और उसकी हत्या कर दी।