SAHARSA : सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर किसी अपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के लिए एकत्रित हुए चार अपराधकर्मियों को पुलिस ने धर दबोचा है।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसपी लिपि सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सदर थाना क्षेत्र के पशुपालन कॉलोनी के समीप चार अपराधकर्मी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए एकत्रित हुए हैं।
प्राप्त सूचना के आलोक में सदर एसडीपीओ संतोष कुमार के नेतृत्व में सदर थानाध्यक्ष राजमणि एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम के द्वारा की गई छापेमारी में मौके वारदात से चार अपराधियों को हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान राहुल उर्फ हन्नी भगत, नन्दु यादव, राजन उर्फ रॉकी एवं अभिमन्यु उर्फ आशुतोष यादव के रूप में हुई।
गिरफ्त में आये अपराधियों के पास से दो देसी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस के साथ साथ दो मोटरसाइकिल, 3 मोबाईल भी पुलिस ने बरामद किया है। एसपी लिपि सिंह ने बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में अधिकतर हो रही लूट, चोरी, छिनतई, राहजनी की घटनाओं को यही लोग अंजाम देते थे।
जिसे लेकर सदर थाना सहित जिले के कई अन्य थानों में इन लोगों के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज है। एसपी ने बताया कि इनकी गिरफ्तारी के बाद लूट, छिनतई, चोरी जैसी घटनाओं में हद तक कमी आएगी। वहीं गिरफ्तार सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मौके पर सदर एसडीपीओ संतोष कुमार, सदर थानाध्यक्ष राजमणि सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट - रितेश हन्नी @ सहरसा