2021/04/23

दर्दनाक सड़क हादसे में SI की मौत,सब इंस्पेक्टर की 23 मई को होनी थी शादी

DESK : पलामू के नीलाम्बर-पीताम्बरपुर थाना (लेस्लीगंज) का पेट्रोलिंग वाहन बैरिया चौक के पास बुधवार की देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार यादव (28) की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। 

जबकि पुलिस जवान विनोद मुंडा, अभिषेक कुमार सिंह, चंदन कुमार और ड्राइवर वीरेंद्र यादव जख्मी हो गए। दरअसल, पेट्रोलिंग गाड़ी आलमपुर नाहर के पास सड़क किनारे दो दिन पहले से खराब अवस्था में खड़े कोयला लदे ट्रक में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सुनील कुमार यादव की 23 मई को शादी होनी थी।

इधर, गंभीर रूप से जख्मी जवान चंदन को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। जबकि अन्य जख्मी जवान व ड्राइवर का इलाज एमएमसीएच में चल रहा है। घटना देर रात 12:30 बजे हुई।

जख्मी जवानों ने घटना की सूचना थाना में मौजूद पुलिसकर्मियों को दी। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, सब इंस्पेक्टर के पार्थिव शरीर को पुलिस लाइन में सलामी दी गई। इसमें एसपी संजीव कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी और पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।

सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार यादव कोडरमा जिले के जयनगर ब्लॉक स्थित रूपायडीह गांव के रहने वाले थे। वो गंगाधर यादव के तीन बेटों में सबसे छोटे पुत्र थे। 2018 में झारखंड पुलिस सेवा में नियुक्त हुए थे। अक्टूबर 2019 से नीलाम्बर पीताम्बरपुर थाना में पदस्थापित थे। 19 मई को इनके घर का गृह प्रवेश और 23 मई को उनकी शादी होनी थी।