पिकअप वैन पटना में गंगा के उस पार दियारा के दिघवारा अकिलपुर से दानापुर के नासरीगंज आ रही थी। बुधवार को चंद्रदेव सिंह के यहां अकिलपुर दियारा में तिलक समारोह था। इसी परिवार का घर दानापुर के नासरीगंज में भी है। शादी का कार्यक्रम नासरीगंज से होना तय था।
इसी को लेकर सामान के साथ एक दर्जन से ऊपर घर के सगे-संबंधी दानापुर पीपापुल के रास्ते नासरीगंज आ रहे थे। इसी बीच गाड़ी पीपा पुल से अनियंत्रित होकर गंगा नदी में गिर गई। स्थानीय लोगों ने नाव के सहारे गाड़ी को निकालने का भरसक प्रयास किया लेकिन गाड़ी निकालने में नाकामयाब रहे। प्रशासन JCB की मदद से गाड़ी को निकालने का प्रयास कर रहा है।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस स्थानीय तैराकों की मदद से डूबे लोगों बाहर निकालने में जुटी है।
SDRF की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और नदी में डूबे लोगों की तलाश कर रही है। नदी किनारे लोगों की भीड़ लग गई है। पुलिस के अनुसार 2 लोग नदी में तैर कर अब तक बाहर निकल आए हैं, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग अब तक गायब हैं। प्रशासन ने 2 लाशें मिलने की पुष्टि की है।