2021/04/23

बिहार : पति के सामने युवती से छेड़खानी, विरोध करने पर भाई को पेड़ से बांधकर जमकर पीटा

SHEKHPURA : बिहार के शेखपुरा जिले में दबंगों ने सारी हदें पार कर दी। दबंगों ने पहले तो पति और भाई के साथ आई युवती के साथ सरेराह छेड़खानी की और विरोध करने पर उल्‍टे बेरहमी से पीटा भी। बहन के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर दबंगों ने भाई को पेड़ पर बांधकर घंटों पीटा।

 इस बीच बेटे को बचाने आई मां और उसके छोटे भाई की पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने दोनों ओर एफआइआर दर्ज कर ली है। युवती के स्वजनों ने बताया कि पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन काफी देर बाद पहुंची। मामला चकदीवान मोहल्ले का है।

पीड़‍िता के स्वजनों ने बताया कि राहुल यादव ने छठ के दिन पति और भाई के साथ आई युवती से छेडख़ानी की। विरोध करने पर पति के साथ मारपीट की। इसी बीच युवती के भाई ने राहुल यादव पर पत्थर चला दिया, जिससे उसे चोट लग गई। राहुल यादव उस समय वहां से चला गया। इसके बाद युवती भी अपने भाई और पति के साथ लौट आई।

गुरुवार को राहुल यादव ने अपने दबंग गुर्गों के साथ बुधौली निवासी पीडि़ता के पिता के घर पर धावा बोल दिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच पीड़ि‍ता के एक भाई को दबंग पकड़ कर अपने साथ ले गए और बड़ी संगत के पास एक पेड़ से बांध घंटों पिटाई करते रहे। सूचना पर जब मां और छोटा भाई बचाने के लिए आए तो दबंगों ने मां का सिर फाड़ दिया।

इस संबंध में थानाध्यक्ष विनोद राम ने बताया कि दोनों तरफ से आवेदन दिया गया है और प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि राहुल यादव के खिलाफ लगातार शिकायतें आ रही हैं। उस पर सख्त कार्रवाई करेगी।