2021/04/07

समस्तीपुर स्टेट बैंक लूटकांड का भंडाफोड़,पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को पकड़ा

SAMASTIPUR : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर चौथ स्थित स्टेट बैंक की शाखा से 3 मार्च को हुई लूट मामले में सदर डीएसपी के नेतृत्व में गठित एसआइटी ने दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान बेगूसराय जिला के छौड़ाही थाना अंतर्गत बडीजाना निवासी गौरीशंकर यादव के पुत्र अरुण कुमार उर्फ एसपी यादव और हसनपुर थाना क्षेत्र के मंगलगढ़ निवासी दशरथ यादव के पुत्र रोहन यादव उर्फ ऋषभ यादव के रूप में हुई है।

मंगलवार को मुफस्सिल थाना परिसर में प्रेस वार्ता के दौरान सदर डीएसपी प्रीतिश कुमार ने मामले का पर्दाफाश किया। बताया कि लूट की घटना से एक दिन पूर्व अपराधियों ने उक्त स्थल पर रेकी की थी। 3 मार्च को एसपी यादव और रोहन यादव दो अन्य सहयोगियों के साथ हथियार के बल पर बैंक शाखा में प्रवेश किया। बदमाशों ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर मास्क लगा रखा था। पिस्टल के बल पर कर्मियों को बंधक बनाया। कैश काउंटर और लॉकर से 5 लाख 29 हजार रुपये लूट लिए। इस दौरान बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर निकालने का प्रयास किया। लेकिन, जल्दबाजी में इसे ले जाना भूल गए। घटना को अंजाम देकर सभी बाइक से मथुरापुर के रास्ते कल्याणपुर की ओर भाग निकले। इससे पूर्व बदमाशों ने मथुरापुर गुमटी और वासुदेवपुर ढाबा के बीच बांसबाड़ी में रुककर अपने वस्त्र जला दिए। ताकि पहचान उजागर न हो। पूछताछ में आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। बताया कि बैंक लूट में सभी करेंसी नोट मिले। इसके कारण यह तय किया कि दो माह बाद रुपये का बंटवारा किया जाएगा। सदर डीएसपी ने बताया कि घटनास्थल से प्राप्त वीडियो फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान की गई है। इसमें अन्य आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी रहा है।