2021/04/07

समस्तीपुर में बाइक सवार बदमाशों ने पिस्तौल भिड़ाकर माइक्रो फाइनेंस कर्मी से 3 लाख रुपये लूटा

SAMASTIPUR : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुइधारा स्थित पंचवटी चौक के निकट बाइक सवार बदमाशों ने सरेआम पिस्टल के बल पर माइक्रो फाइनेंस कर्मी से 3 लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद हथियार लहराते हुए गंगापुर की ओर भाग निकले। सूचना पर पहुंचे दल बल के साथ मुफस्सिल थाना की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। शहर के आदर्शनगर मोहल्ले में क्रेडिट एक्सिस ग्रामीण लिमिटेड कंपनी का ब्रांच ऑफिस है। मंगलवार दोपहर ब्रांच ऑफिस से कर्मी नितेश कुमार और प्रवीण कुमार कैश लेकर बाइक से बैंक शाखा में डिपोजिट करने जा रहे थे। इस क्रम में भुइधारा पंचवटी चौक के निकट एक बाइक पर सवार तीन की संख्या में बदमाशों ने ओवरटेक कर बाइक रोक दी। इसके बाद पिस्टल की नोक पर कर्मियों से बैग में रखे 3 लाख 11 हजार 430 रुपये लूट लिए। पीड़ित कर्मियों ने बताया कि हथियार के आगे विरोध करने का साहस नहीं हुआ। घटना को अंजाम देकर सभी बदमाश गंगापुर के रास्ते भाग निकले। पहचान छिपाने के लिए बदमाशों ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। घटनास्थल के आसपास खड़ी कुछ महिलाएं और दुकानदारों ने भी बदमाशों को लूटपाट करते देखा। लेकिन, विरोध नहीं कर सके। थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। सदर डीएसपी प्रीतिश कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। जल्द ही बदमाशों की पहचान कर ली जाएगी।