SAMASTIPUR : विभूतिपुर थाना क्षेत्र के रोसड़ा-दलसिंहसराय पथ पर खूबलाल चौक मुसहरी के समीप एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार संतुलन खो बैठी और एक घर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ने घर के दीवार को तोड़ डाली और घर के भीतर खाना बना रही एक महिला को टक्कर मार दी।
घटना में जख्मी हुई महिला बेलसंडी डीह वार्ड- 9 निवासी नेपाली सदा की पत्नी सुकुमारी देवी उर्फ सुकुमरिया बताई गई है। जख्मी महिला को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया है। जहां चिकित्सक ने उसका एक पैर टूट जाने की पुष्टि की हैं। वही ऑल्टो सवार दो लोगों में एक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
मृतक खानपुर थाना क्षेत्र के नत्थुद्वार निवासी चन्द्रशेखर दास का पुत्र सोनू कुमार दास और गंभीर रूप से जख्मी दूसरे व्यक्ति की पहचान गोविद कुमार के रुप में हुई है। जख्मी का इलाज एक निजी क्लीनिक में चल रहा है। थानाध्यक्ष कृष्णचंद्र भारती ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा जा रहा है।