SAMASTIPUR : जिले के विभूतिपुर में पति ने कुदाल से वारकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद साइकिल पर सवार होकर थाने पहुंचा, फिर पुलिस को आवाज लगाकर घटनाक्रम के बारे में जानकारी देते हुए खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।
विभूतिपुर थाना क्षेत्र के वाजिदपुर बंबइया पंचायत के वार्ड संख्या 16 में पति ने पत्नी को कुदाल से काटकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद खुद आत्मसमर्पण करने थाना पहुंच गया। हत्या की खबर आस-पास के गांव में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते हजारों की संख्या में लोगों का हुजूम एकत्रित होने लग गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक महिला का पति अनिल महतो व पत्नी उषा देवी में आपसी विवाद को लेकर पति आवेश में आकर पत्नी पर कुदाल से सर पर जोरदार हमला कर दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पत्नी की मौत के बाद पति सीधे आत्मसमर्पण करने विभूतिपुर थाना पहुंच गया।
इस निर्मम हत्या को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चा हो रही थी।मृत महिला के 7 वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार ने बताया कि मेरे सामने में ही पापा ने मम्मी को कुदाल से काटकर भाग गए। बता दें कि आरोपी अनिल महतो एक पैर से विकलांग भी है। मृतक महिला उषा देवी ही अपने परिवार का भरण-पोषण गांव घर में मजदूरी कर चला रही थी।
परिवार में पति-पत्नी के अलावा चार छोटे- छोटे बच्चे और एक बूढ़ी मां भी हैं।घटना के संबंध में बताया जाता है कि शनिवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। थोड़ी देर बात मृतका का पति झगड़ा के माहौल में नहीं रहने की बातें सोच कुदाल लेकर काम पर निकल रहा था। इस बीच उसकी पत्नी उससे दुबारा उलझ गई। दोनों में जोर-जोर से गाली-गलौज और कहा-सुनी होने लगी। इस क्रम में आरोपी अनिल महतो आपा खो बैठा और आक्रोश में आकर कुदाल के पसाठ से पत्नी के सिर पर प्रहार कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही विभूतिपुर थाना हत्यारा अनिल महतो को गिरफ्त में ले लिया तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया।