SAMASTIPUR : कर्पूरीग्राम स्थित चंदुका एयर गैस प्लांट से समस्तीपुर, रोसड़ा और दलसिंहसराय को ऑक्सीजन गैस की आपूर्ति की जाएगी। रविवार को जिलाधिकारी शशांक शुभंकर एवं पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लो ने अधिकारियों के साथ इस गैस प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ही मजिस्ट्रेट और पुलिस बलों को यहां पर तैनाती करने का निर्देश दिया।
जानकारी के अनुसार सोमवार को डीएम के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने कर्पूरीग्राम स्थित चंदुका एयर गैस प्लांट पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान चंदुका एयर गैस प्लांट के मालिक को गैस की आपूर्ति कराने को लेकर डीएम ने निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि प्लांट परिसर में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस फोर्स को तुरंत प्रतिनियुक्ति किया जाएगा।
गैस आपूर्ति की व्यवस्था का पर्यवेक्षण के लिए माइनिग पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाने का निर्देश दिया। वहीं मेडिकल लिक्विड गैस टेस्टिग के समय संबंधित सहायक औषधि नियंत्रक एवं सभी मजिस्ट्रेट को उपस्थित रहने को कहा। डीएम ने कहा कि प्लांट पर मजिस्ट्रेट एवं फोर्स के लिए पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनिश्चित कराएंगे।
वहीं मुख्य सड़क से प्लांट तक के मार्ग को समतल करने का निदेश भी दिया। प्लांट पर की सप्लाई आने के वक्त ड्रग इंस्पेक्टर एवं सभी मजिस्ट्रेट उपस्थित रहेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि रोसड़ा, समस्तीपुर एवं दलसिंहसराय को आवश्यकता पड़ने पर यहीं से ऑक्सीजन गैस की आपूर्ति की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता लोक शिकायत निवारण राजीव रंजन कुमार सिन्हा, अनुमंडलीय लोक शिकायत पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी ऑक्सीजन प्रबंधन कोषांग धर्मेश कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी आरके दिवाकर, भूमि सुधार उप समाहर्ता रोसड़ा, प्रखंड विकास पदाधिकारी अंजनी दत्ता, ड्रग इंस्पेक्टर समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। ऑक्सीजन गैस की कालाबाजारी रोकने को लेकर धावादल गठित
जिलाधिकारी ने वीसी के माध्यम से कोरोना को लेकर ऑक्सीजन गैस की आपूर्ति से संबंधित समीक्षा बैठक की। इसमें ऑक्सीजन गैस सिलेंडर की उपलब्धता की समीक्षा की गई। वहीं इसको लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी के निदेश पर बिना मरीज के ऑक्सीजन का डिमांड करने वाले संस्थान एवं कालाबाजारी रोकने के लिए एक धावा दल का गठन किया गया है। इसमें
अपर समाहर्ता विनय कुमार राय, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी अंचलाधिकारी एवं सामान्य शाखा प्रभारी धावा दल के सदस्य होंगे। समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, ड्रग इंस्पेक्टर समेत अन्य उपस्थित थे।