SAMASTIPUR : अपराधियों ने एक बार फिर पूसा थाना क्षेत्र की दिघरा पंचायत अंतर्गत नौआचक निवासी एक व्यवसायी को गोली मार दी है। व्यवसायी को उस समय गोली मारी जब वे सोए हुए थे। यह घटना गुरुवार की देर रात की है। जख्मी व्यवसायी को स्वजनों द्वारा समस्तीपुर में इलाज के लिए लाया गया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर रात करीब 11 बजे अज्ञात अपराधियों ने दिघरा पंचायत के नौआचक निवासी व्यवसायी वीरेंद्र यादव (55) को सोए हुए अवस्था में गोली मारकर जख्मी कर दिया। व्यवसायी को सिर में गोली मारी गई है। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के लोग दौड़े तब तक अपराधी फरार होने में सफल रहा।
स्वजनों द्वारा इलाज के लिए तुरंत जख्मी अवस्था में समस्तीपुर में एक निजी अस्पताल से भर्ती कराया गया। लेकिन डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखकर पटना रेफर कर दिया। बताया जाता है कि व्यवसायी अपनी गोशाला में सड़क किनारे खाट पर सोए हुए थे। इसी बीच मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधियों ने करीब रात ग्यारह बजे घटना को अंजाम दिया।
गोली की आवाज सुनकर परिवार के साथ-साथ आसपास के लोग भी जुटे, लेकिन तब तक तीनों अपराधी वहां से भाग निकले। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार जख्मी व्यवसायी का किसी से भी कोई विवाद नहीं था। वे घर पर ही किराना की दुकान और आटा चक्की चलाते थे।
आमलोगों को भी आश्चर्य हो रहा है कि आखिर किस ऐसे व्यक्ति को कोई क्यों गोली मारेगा? बता दें कि पूसा थाना क्षेत्र में इधर, अपराधी बेलगाम हो गए हैं। 20 दिन पहले पूसा प्रमुख रविता तिवारी के पति अन्नू तिवारी की हत्या अपराधियों ने उसके घर में घुसकर दिनदहाड़े कर दी थी। आज तक उस मामले में पुलिस एक भी नामजद अपराधी को गिरफ्तार नही कर सकी है।
पूसा एवं वैनी ओपी क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल कायम है। अपराधियों के सामने पुलिस बौनी साबित हो रही है। इससे आम लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है। इधर, सदर डीएसपी प्रीतिश कुमार एवं थानाध्यक्ष समेत काफी संख्या में पुलिस बलों ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। साथ ही आमलोगों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।