SAMASTIPUR : समस्तीपुर में कोरोना वायरस संक्रमण ने फिर से गदर मचा दिया है। कोरोना के दूसरे चरण में अब तक के सबसे अधिक जिले के अलग-अलग प्रखंडों में 112 नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं। इसमें सदर अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक की पत्नी महिला चिकित्सक भी संक्रमित हो गई। समस्तीपुर शहरी क्षेत्र के रहने वाले 26 लोग संक्रमित हुए है।
इसमें शहर के मगरदहीघाट, बहादुरपुर, मूसापुर, गोला रोड, आदर्शनगर, मारवाड़ी बाजार, माधुरी चौक, बंगाली टोला, आरएनएआर कॉलेज रोड, काशीपुर, ताजपुर रोड, प्रोफेसर कॉलोनी गली संख्या दो, धर्मपुर के रहने वाले लोग संक्रमित हुए है। ग्रामीण क्षेत्र के रहने वालों में आठ लोग संक्रमित हुए है।
इसके अलावा दलसिंहसराय के 17, विभूतिपुर व मोहनपुर के आठ-आठ, कल्याणपुर के छह, बिथान, मोरवा, पटोरी के पांच-पांच, शिवाजीनगर में चार, रोसड़ा, ताजपुर व पूसा के तीन-तीन, हसनपुर व मोहिउद्दीननगर के एक-एक मरीज रहने वाले हैं।
जिले में बनाया गया 116 माइक्रो कंटेनमेंट जोन
जिले में पिछले 24 घंटे में कुल 4072 लोगों की जांच कराई गई थी। इसके साथ ही जिले में एक्टिव संक्रमितों की संख्या 516 हो गई। इसमें ग्रामीण क्षेत्र के 490 व शहरी क्षेत्र के 26 लोग शामिल है। सभी पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है। फिलहाल 116 माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। कोरोना की चेन को तोड़ने को लिए सभी को कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर प्रत्येक दिन अलग-अलग स्थानों पर जांच को सैंपल लिया जा रहा है।