SAMASTIPUR : पटोरी के स्वर्ण व्यवसायी महेश पोद्दार को गोली मारकर सात लाख के जेवर व एक लाख रुपये नकद लूट लिए जाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। गुरुवार को हलई ओपी में तीन अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बता दें कि बुधवार की देर शाम उक्त व्यवसायी को मरिचा चौक से पूरब दरवा जाने वाली सड़क पर अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर लूट लिया था। विरोध करने पर गोली मारकर जख्मी भी कर दिया था। एक ही बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया था।
स्थानीय लोगों की सहायता से घायल व्यवसायी को इलाज के लिए समस्तीपुर रात में ही भेजा गया था। समस्तीपुर के एक निजी क्लीनिक में इलाजरत महेश पोद्दार ने नगर थाना की पुलिस को बयान दिया है। फर्द बयान के आधार पर हलई ओपी अध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने तीन अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, विधायक रणविजय साहू जख्मी स्वर्ण व्यवसायी से मिले। उन्होंने घटना के बारे में पूरी जानकारी ली। साथ शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। घटना की निदा करते विधायक ने कहा कि यह बहुत ही दुखद बात है।
आमलोग सुरक्षित नहीं हैं। आपराधिक घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि चिता का विषय है। उन्होंने पुलिस से इस घटना में शामिल अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की।