SAMASTIPUR : मोहनपुर ओपी क्षेत्र के बिनगामा चौक से पूरब महनार- मोहीउद्दीन नगर पथ पर बुधवार की सुबह पिकअप वैन के पलट जाने से उस पर सवार दर्जनभर मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
ग्रामीणों की सहायता से घायलों को इलाज के लिए स्थानीय पीएचसी में ले जाया गया। पीएचसी मोहनपुर में प्राथमिक उपचार के बाद चार मजदूरों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया है।
घायलों की पहचान वैशाली जिला अंतर्गत वरुणा रसलपुर की तेतरी देवी, फुलिया देवी, जयमंगल दास, वीणा देवी, बबीता देवी, मीणा देवी, मरनी देवी, भूली देवी, अनीता देवी, कुमोद देवी, कलवतिया देवी एवं प्रमोद दास के रूप में की गयी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घायल मजदूर पटना जिला अंतर्गत मोकामा के खेतों में मजदूरी करते थे।
मजदूरी में मिले अन्न को पिकअप वैन पर लादकर अपने घर लौट रहे थे। अंधेरा होने के कारण पिकअप वैन का चालक पटोरी जाने का मार्ग भटक गया और वह आगे बढ़ता हुआ बिनगामा की ओर पहुंच गया।
बिनगामा में सड़क के किनारे सोए कुत्ते के ऊपर गाड़ी चढ़ जाने से उसका संतुलन बिगड़ गया और पिकअप पलट गई। कुत्ता वहीं क्षत-विक्षत हो गया और वैन पर सवार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों की नींद खुली। लोग घटनास्थल की ओर दौड़े पड़े। सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। वहां से पीएचसी पहुंचकर घायलों की स्थिति को देखा। घायल मजदूरों के घर पर इसकी सूचना दी गई है।