SAMASTIPUR : बाइक और अज्ञात वाहन की ठोकर से पटोरी बाजार स्थित चकसलेम पंचायत निवासी स्व. सोनेलाल दास के पुत्र राजेश दास (28) की मौत मंगलवार की देर शाम हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव आते ही बुधवार की दोपहर लोगों ने समस्तीपुर- पटोरी पथ को पंजाब नेशनल बैंक के समीप जाम कर प्रदर्शन किया।
आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी भी की। बाद में जामस्थल पर बीडीओ डॉ. नवकंज कुमार, थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, शाहपुर उंडी के मुखिया मोहन ठाकुर, प्रभाश राय, जीतेश कुमार, ज्याउर्रहमान आदि पहुंचे और मृतक के स्वजनों को सांत्वना दी।
उसे तत्काल 20 हजार रुपये का चेक भी प्रदान किया गया। आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया। इस संबंध में थाने में एक प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। जिसमें कहा गया है कि राजेश दास समीप के ही कबाड़ की दुकान में काम करता था।
मंगलवार की देर शाम वह अपने एक साथी के साथ पटोरी से जोरपुरा बाइक पर सवार होकर जा रहा था। विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसे ठोकर मार दी इसमें वह और बाइक चालक बुरी तरह जख्मी हो गया। इस बीच ठोकर मारने वाला चालक वाहन के साथ भाग निकला।
बाद में स्थानीय लोगों ने उसे अचेतावस्था में अनुमंडलीय अस्पताल लाया जहां प्रारंभिक चिकित्सा के पश्चात गंभीर अवस्था में चिकित्सा के लिए पटना भेज दिया। पटना जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
बाद में उसे पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव आते ही लोग आक्रोशित हो गए और शव के साथ उसके आवास के समीप ही सड़क को जाम कर प्रदर्शन करने लगे। इस घटना के पश्चात पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पत्नी पूनम देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।