SAMASTIPUR : समस्तीपुर शहर के मगरदही घाट के निकट बुधवार को ट्रक की ठोकर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के लोकनाथपुर वार्ड 14 निवासी रामसेवक राम के पुत्र 36 वर्षीय डॉ. पंकज कुमार राम के रूप में हुई है।
घटना के बाद काफी संख्या में लोग जुट गए। ट्रक चालक को पकड़कर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। सूचना पर पहुंचे नगर थानाध्यक्ष अरुण राय ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त करते हुए वाहन चालक को हिरासत में ले लिया।
लोकनाथपुर वार्ड 14 निवासी डॉ. पंकज राम पैथोलॉजिस्ट थे। वह निजी क्लीनिक में ही काम करते थे। स्वजनों ने बताया कि शादी के करीब दो साल हुए हैं। उसकी पत्नी दरभंगा अंचल में पीएचईडी विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है।
शुक्रवार को दरभंगा में पत्नी से मिलकर समस्तीपुर के रास्ते घर लौट रहे थे। इसी बीच मगरदही घाट के निकट सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
मृतक के आइडी कार्ड से शव की शिनाख्त की गई। जिसके बाद नगर थाना की पुलिस की टीम ने मृतक के स्वजनों घटना की पूरी जानकारी दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि सदर अस्पताल में अंत्यपरीक्षण के उपरांत स्वजनों को शव सौंप दिया गया।