2021/04/17

समस्तीपुर में खेलने के दौरान पोखर में डूबने से 10 वर्षीय बालक की मौत,परिजनों का रो रोकर बुरा हाल

SAMASTIPUR :  जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुर उत्तर पंचायत स्थित दैंता पोखर उर्फ कल्याणी पोखर के परिसर में खेलने के क्रम में पैर फिसल कर पोखर में गिर जाने के कारण डूबने से एक 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के संबंध में बताया जाता है कि कल्याणपुर उत्तर पंचायत,वार्ड संख्या 2 निवासी रामाशीष यादव का 10 वर्षीय पुत्र मोहित यादव अपने छोटे-छोटे साथियों के साथ खेलते- खेलते पोखर किनारे चला गया।

जहां पैर फिसल जाने के कारण वह गहरे पानी में जा पहुंचा। वहीं पोखर में अधिक पानी होने के कारण डूब कर उसकी मौत हो गई। वहीं बच्चों के द्वारा इसकी जानकारी मोहित के परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। देखते ही देखते पोखर में लोगों का जमावड़ा लग गया। वहीं आनन-फानन में परिजनों एवं ग्रामीणों के सहयोग से शव को पोखर के पानी से बाहर निकाला गया।

 बता दें कि मोहित दो भाई- बहनों में सबसे बड़ा था। वहीं छोटी बहन रोशनी,माता राजकुमारी देवी,पिता रामाशीष यादव का रो- रो कर बुरा हाल हो रहा था। वहीं मौके पर पहुंचे कल्याणपुर उत्तर पंचायत के मुखिया पति विद्यानंद विद्यार्थी, उप प्रमुख रामनाथ राय सहित सैकड़ों ग्रामीण परिजनों को ढाढस बंधा रहे थे।वहीं सूचना उपरांत पहुंची स्थानीय पुलिस प्रशासन ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया।

वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार सिंह की रिपोर्ट