2021/03/07

समस्तीपुर में रेल हादसा : जानकी एक्सप्रेस ट्रेन और JCB से हुई टक्कर...जांच करने का निर्देश...गेटमैन को किया निलंबित

SAMASTIPUR : समस्तीपुर-सहरसा रेलखंड रोसड़ा-हसनपुर के बीच नयानगर के पास गेट संख्या 21 पर हुई जानकी एक्सप्रेस हादसे की जांच को लेकर जे ग्रेड स्तरीय जांच कमेटी बनायी गयी है। इसमें संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों को लगाया गया है।

 डीआरएम अशोक माहेश्वरी ने बताया कि जे-ग्रेड स्तरीय जांच टीम के रिपोर्ट आने पर ही घटना का मुख्य कारण का पता लगाया जा सकेगा।

 प्रथम दृष्टया जेसीबी पोकलेन के संपर्क में आने से जानकी एक्सप्रेस के दुघटनाग्रस्त होने की बात सामने आयी है। राहत की बात है कि हादसे में एक भी यात्री हताहत नहीं हुआ है।

चालक जख्मी हैं, जिसे रेफर किया गया है। प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुये गेटमैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही गेटमैन की भी पूरी जांच करने का निर्देश दिया गया है। 


सुरक्षा को लेकर सेफ्ट्री ड्राइव भी चल रहा है। गेट बंद करने के लिये वहां अंडर पास का निर्माण कार्य चल रहा है। उसी कार्य में जेसीबी को भी लगाया गया था। समस्तीपुर-सहरसा रेलखंड पर फिलहाल आठ गेट बंद कर उसके स्थान पर अंडर पास निर्माण कार्य किया जाएगा।

 सहरसा रेलखंड पर नयानगर के पास जानकी एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही रेलवे में अफरातफरी मच गयी। शनिवार को मंडल कार्यालय बंद होने के बावजूद अधिकारियों की चहलकदमी दिन भर होती रही। 

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह लगभग साढ़े आठ बजे अधिकारियों के मोबाइल पर घटना के संबंधित मैसेज गिरने लगा। सूचना मिलते ही कंट्रोल रुम की घंटियां भी घनघनाने लगी।

 फिर क्या था, डीआरएम अशोक माहेश्वरी सहित संबंधित सभी शाखा अधिकारी भी कंट्रोल रुम पहुंच गए। इसके बाद अधिकारियों ने घटना की विशेष जानकारी लेनी शुरु कर दी। 

साथ ही एडीआरएम टू जफर आजम के नेतृत्व में विभिन्न शाखा अधिकारियों, स्वास्थ्य टीम, आरपीएफ आदि घटना स्थल की ओर कूच किये। फिर वहां राहत व बचाव कार्य को किया गया। हादसे के बाद कई यात्रियों ने आगे की यात्रा रद्द कर दी।