बेगूसराय के खोदावंदपुर कृषि अनुसंधान केंद्र की कृषि संगोष्ठी में शनिवार को हिस्सा ले रहे गिरिराज सिंह से एक व्यक्ति ने CO की शिकायत की। उस व्यक्ति ने एक छोटे से पन्ने पर अपनी शिकायत लिखकर गिरिराज सिंह को दी। जब गिरिराज मंच से बोलने आए तो अपने भाषण के दौरान ही अधिकारियों को बांस से मारने की सलाह जनता को दे दी।
गिरिराज ने कहा - आप मालिक हैं। लोकतंत्र में सांसद, विधायक, SDO, DDC आपके अधीन हैं। आप अपनी अच्छी बात लेकर जाएं। यह बात गिरिराज को कहने की जरूरत नहीं है। यह आपका अधिकार है। अगर आपके अधिकार का हनन होता है तो गिरिराज आपके साथ खड़ा है। क्योंकि आपने मुझे सांसद बनाया है, आपने किसी को विधायक बनाया है।
आपने किसी को जिला पार्षद बनाया है। आपके बल पर कोई मुखिया है। मुखिया, MLA, MP के बल पर आप नहीं, यह ध्यान रखिए। इसलिए मनोबल को ऊंचा रखिए। लोग कहते हैं हमें की करिये देखू न सुनबे नै करै छै...नै सुनै छै त दू हाथ बांस से लेकअ मारू नै। नै सुनै छै...नै सुनै छै शब्द हम नहीं सुनना चाहते हैं।