SAMASTIPUR : उजियारपुर थाना क्षेत्र के सातनपुर चौक स्थित महादेव स्थान के समीप एनएच 28 पर मंगलवार को एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रहे एक ठेला में जोरदार ठोकर मार दी। जिससे ठेला चालक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
मृतक की पहचान भगवानपुर कमला पंचायत के अंडाहा निवासी नंदलाल महतो के पुत्र हरि महतो (45) के रूप में की गई है। ठोकर मारने के बाद भाग रही स्कॉर्पियो को मुसरीघरारी थाना पुलिस की मदद से उजियारपुर पुलिस ने जब्त कर लिया।
जबकि चालक गाड़ी छोड़कर भागने में सफल रहा। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मृतक के ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए घटनास्थल पर सड़क जाम कर दिया।
सड़क जाम की सूचना पर थाना के एएसआइ विनोद कुमार ने पुलिस बलों के साथ जामस्थल पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया।
परंतु, लोग मुआवजा मिलने तथा फरार चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
बताया गया है कि ठेला चालक सड़क पार कर रहा था। इसी बीच दलसिंहसराय की ओर से तेज गति से आ रही एक स्कॉर्पियो ने ठोकर मार दी। जिससे ठेला चालक के सिर में गहरी चोट लगी और उसने वहीं पर दम तोड़ दिया।