BETTIAH : एक ऐसी घटना सामने आई है, जो काफी हैरान करने वाली है. दरअसल एक दुल्हन ने मंडप में दूल्हा को देखते ही उससे शादी करने से साफ़ इंकार कर दिया.
दुल्हन को सामने से देख के दूल्हा बिलकुल भी पसंद नहीं आया. जब दुल्हन शादी से मुकर गई तो दूल्हे को बिना शादी किये ही बैरंग वापस बरात लेकर लौटना पड़ गया.
मामला बिहार के पश्चिम चंपारण जिले का है, जहां नौतन प्रखंड क्षेत्र के एक गांव में दुल्हन ने दूल्हे से शादी रचाने से इनकार कर दिया.
बताया जाता है कि व्हाटसअप पर आये दूल्हा की फोटो को दिखाकर शादी तय हुई थी. लेकिन बुधवार को मंदिर में शादी करने आये लड़का व लड़की पक्ष में तकरार हो गयी.
लड़की के मुकरने के बाद उसकी बड़ी बहन उसे शादी के मंडप से उठाकर ले गयी. बारात बैरिया थाना के तदवानंदपुर गांव से आयी थी. लड़की के पिता ने बताया कि लड़की को लड़का पसंद नहीं आने पर लड़की मंडप छोड़कर चली गई.
दूल्हे के पिता ने बताया कि पहले से तय समय के अनुसार बुधवार को सभी रिश्तेदारों के साथ शंकहीया माई स्थान पर आए जहा लड़की की बड़ी बहन लड़की को मंडप से उठा ले गई.
मंडप से दूल्हन के चले जाने से दोनों पक्ष एक दूसरे के सामने घंटों डटे रहे. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों पक्षों को समझा कर माई स्थान परिसर से बारात हटायी गयी. इसके बाद बिना दुल्हन ही बारात वापस लौट गयी.