2021/03/04

बैंक से दिनदहाड़े लाखों रुपये की लूट, 6 अपराधियों ने वारदात को दिया अंजाम.. हथियार लहराते हुए बदमाश फरार

NAWADA : बिहार के नवादा जिले से इस वक्त एक बड़ी खबर आ रही है, जहां अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक लूट की वारदात को अंजाम दिया है। जानकारी के अनुसार नादिरगंज के दक्षिण बिहार बैंक में लूट हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे एसपी ने जानकारी देते हुए कहा है कि बैंक से बारह लाख रुपये लूटे गए हैं। 

बताया जा रहा है कि दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलने के बाद तुरंत मौके पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दिया है। 

मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक पर सवार होकर बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए। 


बताया जाता है कि गुरुवार की दोपहर बैंक में कम भीड़ थी। इसका फायदा उठाकर डकैतों ने धावा बोला। वे ग्राहक बनकर बैंक में आए थे। सबों ने चेहरे को नकाब से ढक रखा था। बैंक के भीतर घुसते ही उन्‍होंने हथियार के बल पर ग्राहकों और बैंककर्मियों को कब्‍जे में ले लिया। इसके बाद उन्‍होंने लूटपाट की और आराम से फरार हो गए।

यह बैंक राजगीर-बोधगया राजमार्ग पर नवादा के बस्‍ती बिगहा बाजार में है। माना जा रहा है कि अपराधी इसी मार्ग से होकर भागे होंगे। घटना के बाद पुलिस पूरे जिले की नाकेबंदी कर वाहन जांच कर रही है। अपराधियों के संभावित ठिकानाें पर छापेमारी भी शुरू हो गई है।

घटना के बाद पहुंची पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रहे हैं। अब तक की छानबीन में मालूम हुआ है कि अपराधी छह की संख्‍या में थे। उन्‍होंने बैंककर्मियों को एक कमरे में बंद कर दिया था। उन्‍होंने बैंक में आए एक ग्राहक से भी पांच हजार नकदी लूटी।