SAMASTIPUR : नकली पेट्रोल बुलेट मोटरसाइकिल में डाल कर चलाना एक शख्स को भारी पड़ गया। बीच सड़क बुलेट जलकर खाक हो गई।
दोनों भाइयों ने घटना के बाबत बताया कि वे दोनों दरभंगा से घर लौट रहे थे। रास्ते में बंगरा थाना क्षेत्र के मुर्गियाचक में पेट्रोल भरवा कर जैसे हीं बुलेट को स्टार्ट कर आगे बढ़ा कि बुलेट में आग लग गई। वह धू-धूकर जलने लगी। किसी तरह दोनों भाई जान बचाकर बाइक से उतरकर भागे।
वहीं उपस्थित लोगों ने बताया कि बंगरा थाना क्षेत्र में कई जगहों पर नकली डीजल-पेट्रोल का गोरखधंधा खुलेआम चल रहा है। जहां पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कीमत लगभग सौ के करीब है, वहीं ये अवैध धधेबाज पेट्रोल 50 से 60 रुपये लीटर में पेट्रोल बेचते हैं।
अनजान लोग कम कीमत समझकर नकली ईधन तो भरा लेते हैं, लेकिन उनकी गाड़ी की दुर्दशा हो जाती है। आज की घटना नकली पेट्रोल की वजह ही हुई है। वहीं स्थानीय लोगों ने नकली डीजल-पेट्रोल बेचने वालों के विरोध में ताजपुर से मुजफ्फरपुर जाने वाली सड़क एनएच- 28 को घंटों जाम रखा।
स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा कार्रवाई का दिए गए आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ। जदयू के प्रदेश महासचिव गिलमन अहमद ने पुलिस महानिदेशक, पुलिस अधीक्षक एवं बीडीओ को इसको लेकर आवेदन दिया है।
जिसमें कहा हेै कि बंगरा थाना क्षेत्र के दर्जनों स्थानों पर अवैध रूप से नकली डीजल- पेट्रोल का गोरखधंधा खुलेआम चल रहा है। बता दें कि पहले से यह कारोबार चल रहा है।
जिला स्तर पर टीम गठित कर छापेमारी की गई थी, जिसमें भारी मात्रा में नकली एवं अवैध डीजल, पेट्रोल एवं केरोसिन बरामद किया गया था।
बंगरा थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि जली हुई बुलेट को थाने लाया गया है।
बुलेट मालिक अगर लिखित शिकायत करते हैं तो कार्रवाई की जाएगी। कुछ तेल का ड्राम बरामद किया गया है, यह असली है या नकली, जांच के बाद ही पता चलेगा।