2021/03/13

कॉलेज छात्रा से चलती कार में रेप, वीडियो बनाकर कर रहा ब्लैकमेल, दो दिनों तक रखा बंधक

PATNA : पटना से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रहीं हैं।
 छात्रा से दुष्‍कर्म की सनसनीखेज वारदात हुई है। एक अपराधी ने चलती कार में न केवल छात्रा की अस्‍मत लूटी बल्कि उसका वीडियो भी वायरल कर रहा है। 

किसी को कुछ बताने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इस बाबत पीड़‍िता ने महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। 

प्राथमिकी के अनुसार घटना सात मार्च की है। रामकृष्णानगर थाना की पीड़‍िता ने बताया है कि सात मार्च की शाम वह कॉपी खरीदने निकली थी। इसी बीच रास्ते में सफेद रंग की एक कार रुकी। 

उसमें सवार एक युवक को वह पहचानती है। युवक के साथ चार अन्य लोग कार में सवार थे। आरोप है कि युवक ने पिस्टल दिखा उसे जबरन कार में बैठा लिया। 

फिर हाथ-पैर बांध दिया। पिस्टल दिखाने वाले युवक ने उसके साथ कार में ही दुष्कर्म किया। इस बीच उसके साथी ने वीडियो बना लिया। जबरन उसकी मांग में सिंदूर भी डाल दिया।

इसके बाद वह उसे लेकर अपनी बहन के घर चला गया। वहां दो दिनों तक उसे बंधक बनाकर रखा। शुक्रवार की सुबह उसने उसे घर के पास छोड़ दिया। इसके बाद वह घर पर आ धमका और किसी को कुछ बताने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। 

पीड़‍िता ने कहा है कि घटना के बाद वह काफी दहशत में है। आरोपित युवक आपराधिक प्रवृत्ति का है। कुछ दिन पूर्व ही वह जेल से छूटा था।

 इस मामले में महिला थाने में अारोपित के खिलाफ पॉक्सो, दुष्‍कर्म और अपहरण की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई। 

महिला थाना प्रभारी आरती जायसवाल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। किशोरी की मेडिकल जांच कराने के बाद कोर्ट में 164 का बयान दर्ज करा दिया गया है।