2021/03/13

बेखौफ अपराधियों का तांडव : महिला की गोली मारकर हत्‍या,परिवार के सदस्‍यों का रो-रोकर बुरा हाल,पुलिस छानबीन में जुटी

ROHTAS : दिनारा थाना क्षेत्र के भानस ओपी अंतर्गत चिल्हरूआं गांव में शुक्रवार देर रात घर में सो रही एक 42 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्‍या कर दी गई। मृतक महिला सुरेंद्र साह की पत्‍नी सरोज देवी थीं। 

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के अलावा बिक्रमगंज के एसडीपीओ राजकुमार, इंस्‍पेक्‍टर सुबोध कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्‍टमार्टम्‍ा के लिए भेज दिया।

मृतका के पति ने पुलिस को बताया कि वह, उनकी पत्‍नी सरोज देवी और पुत्र परिवारजनों के साथ घर में सोए थे। रात करीब 12 बजे वह शौच के लिए बाहर चला गया। लौटा तो देखा कि पत्‍नी मृत पड़ी थी। उसके चीखने-चिल्‍लाने पर घर लोग उठे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

 सूचना मिलने पर पहुंचे एसडीपीओ राजकुमार, भानस ओपी प्रभारी सुभाष कुमार और विक्रमगंज के इंस्‍पेक्‍टर सुबोध कुमार ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

पुलिस इस रहस्यमय घटना का गुत्थी सुलझाने में जुटी है। एसडीपीओ ने बताया कि स्‍वजनों का कहना है कि गोली किसने मारी कब मारी यह पता नहीं चला। सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रहे हैं।

स्‍वजनों का कहना है कि किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था। हत्‍या की इस वारदात से लोग सन्‍न हैं। उनका कहना है कि गोली मारी गई लेकिन उसकी आवाज भी किसी ने नहीं सुनी। 

इसका मतलब तो यही है कि साइलेंसर वाले हथियार से गोली मारी गई। हालांकि कारण क्‍या है यह स्‍वजन भी नहीं बता रहे। ऐसे में कई तरह के सवाल उठना लाजिमी है। 

सुबह से ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई है। इधर हत्‍या की घटना से स्‍वजन मर्माहत हैं। परिवार के सदस्‍यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है। इसकी चर्चा हर ओर हो रही है।