DARBHANGA : बिहार के दरभंगा से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रहीं हैं।पुलिस को खुली चुनौती देते हुए बाइक सवार बदमाशों ने मशरफ बाजार में सोमवार की देर रात जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने बाजार से लौट रहे दो व्यवसायियों को पहले लूटा। फिर उनको रोकने की कोशिश कर रहे एक फल व्यवसायी को गोली मार दी।
बताया गया है कि पूर्व विधायक अमरनाथ गामी के रिश्तेदार नारायण गामी और विमल गामी अपनी दुकान बंद कर अपने घर शिवाजीनगर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियार के बल पर दोनों को लूट लिया। इस दौरान दोनों से हजारों रुपये लूटे गए।
दोनों व्यवसायी लूटने के बाद बदमाश भाग रहे थे। इसी बीच अपने घर से टावर चौक स्थित फल दुकानदार दिलीप साह का पुत्र दीपू कुमार भोजन लेकर घर से दुकान जा रहा था। रास्ते में ही उसने एक बदमाश को शोर की आवाज पर पकड़ लिया। लेकिन, बदमाश ने उसके सिर में गोली मार दी।
घटना की सूचना जंगल के आग की तरह फैली लोगों की भीड़ मौके की ओर दौड़ी। इसी बीच दूसरा बदमाश बाइक लेकर भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो स्थानीय लोगों को भी हिरासत में ले लिया। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया।