जानकारी के अनुसार, छात्रा थाना सदर बाजार क्षेत्र के रजबन बाजार इलाके की रहने वाली है, वह शुक्रवार सुबह अपने कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान कालेज जाते समय उसके साथ दो मनचलों ने छेड़छाड़ शुरू कर दी।
पहले तो छात्रा ने उनकी हरकत को अनदेखा किया, लेकिन जब मनचलने नहीं माने और उसका मोबाइल नंबर मांगने लगे तब छात्रा ने सरेराह ही दोनों मनचलों का गिरेबां पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई की।
आरोप है कि मनचलों ने छात्रा के साथ अश्लील कमेंट भी किए। इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, तब छात्रा ने पुलिस वालों का डंडा छीनकर मनचलों की पिटाई की।
मनचलों की पिटाई के फोटो खींच कर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर डाल दिये जो वायरल हो रहे हैं।
इसके बाद में पुलिस दोनों मनचलों को थाने ले गई। थाने में पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर मनचलों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। थाना प्रभारी विजेंद्र राणा ने बताया कि दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।