2021/03/10

बलात्कार की रिपोर्ट दर्ज कराने आई लड़की ने थाने में दिया बेटे को जन्म...महिला कॉन्स्टेबल ने कराई डिलीवरी

DESK : एमपी के छिंदवाड़ा जिले स्थित लावाघोघरी थाने में एक रेप पीड़िता ने बच्चे को जन्म दिया है। पीड़िता पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ एफआईआर करने आई थी। इसी दौरान उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गया। महिला कॉन्स्टेबल ने उसकी सुरक्षित डिलीवरी कराई है।

छिंदवाड़ा में एक गर्भवती युवती ने थाने में ही बच्चे को जन्म दे दिया। युवती अपने साथ हुए दुष्कर्म की शिकायत करने के लिए थाने पहुंची थी और वहीं पर उसे प्रसव पीड़ा होने लगी। थाने की ही एक महिला आरक्षक ने युवती की मदद की और थाने में ही सुरक्षित डिलीवरी कराई।

 बाद में जच्चा-बच्चा को डायल 100 की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर्स का कहना है कि जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ्य हैं और उनकी जान को कोई खतरा नहीं है।

छिंदवाड़ा के लावाघोघरी थाने में गर्भवती युवती अपने परिजन व ग्रामीणों के साथ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराने पहुंची थी। युवती का आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने उसे शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। अब आरोपी युवक राजेन्द्र शादी से इंकार कर रहा है।

 पीड़िता ने पुलिस से ये भी कहा कि अगर राजेन्द्र उससे शादी कर लेता है तो वो उसके खिलाफ शिकायत नहीं करेगी। लावाघोघरी थाने के थाना प्रभारी ने पीड़िता से आरोपी राजेन्द्र का नंबर लेकर उससे मोबाइल पर बात की तो उसने नागपुर में होना बताया। साथ ही उसने ये भी कहा कि वो बस से लावाघोघरी आ रहा है लेकिन इसमें वक्त लगेगा।