SAMASTIPUR : समस्तीपुर जिले के काशीपुर मोहल्ला स्थित गर्ल्स हाई स्कूल के निकट निजी क्लीनिक में बुधवार को एक प्रसूता की मौत हो गई। इसके बाद स्वजनों ने क्लीनिक में जमकर हंगामा किया।
इसके कारण काफी देर देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। मृतका की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के दुबहा निवासी उदय कुमार की पत्नी 21 वर्षीय खुशी कुमारी के रूप में हुई है।
सूचना पर पहुंची नगर थाना की पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद हंगामा कर रहे स्वजनों को समझाकर शांत कराया।
मृतका के स्वजन इलाज में लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। बताया गया कि बुधवार सुबह सात बजे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धुरलख वार्ड 08 निवासी सिंहेश्वर राय ने अपनी पुत्री खुशी कुमारी को डिलेवरी के लिए उक्त निजी क्लीनिक में भर्ती कराया।
बच्चे के जन्म के बाद प्रसूता की हालत अचानक लगातार बिगड़ने लगी। स्वजनों ने समझा कि इलाज के बाद स्वस्थ हो जाएगी। इसी बीच अचानक उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। स्वजन चीखने-चिल्लाने लगे। आक्रोशित लोगों ने क्लीनिक में जमकर हंगामा किया।
बाद में पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। नगर थाना के सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि आवेदन मिलते ही अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।