2021/03/24

हेड क्लर्क 15000 घूस लेते गिरफ्तार, DACP का भुगतान के लिए मांगी थी 35000, निगरानी ने रंगे हाथ पकड़ा

NAWADA : पटना से नवादा पहुंची निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। जिला संयुक्त औषधालय के हेड क्लर्क रमेश चौधरी को 15000 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। 

इस कार्रवाई को निगरानी की टीम ने हेड क्लर्क के कार्यालय कक्ष में ही छापेमारी कर अंजाम दिया।

 रमेश कुमार चौधरी के खिलाफ डॉ. नित्यानंद प्रसाद ने निगरानी मुख्यालय में एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें हेड क्लर्क पर DACP का भुगतान करने के लिए 35000 रुपए घूस मांगने का आरोप लगाया था।

इसके बाद ही मुख्यालय के आदेश पर आरोपों की जांच और पूरे मामले की पड़ताल के लिए एक स्पेशल टीम बनाई गई। 

टीम को लीड करने की जिम्मेवारी DSP अरूण पासवान को दी गई, जिसके बाद मंगलवार को यह टीम नवादा पहुंची। 

हेड क्लर्क के कार्यालय कक्ष में पूरा जाल बिछाया। इसके बाद जैसे ही शिकायत करने वाला शख्स रुपए लेकर वहां पहुंचा और रमेश चौधरी ने उसे लिया, वैसे ही निगरानी वहां पहुंच गई।

निगरानी के अनुसार 12 मार्च को गया जिले के वजीरगंज निवासी डॉ. नित्यानंद प्रसाद ने निगरानी में शिकायत की थी। 

इसमें कहा कि जिला संयुक्त औषधालय के हेड क्लर्क रमेश कुमार चौधरी पर DACP का भुगतान करने के बदले 35000 हजार रुपए घूस लेने का आरोप लगाया।

 इसके बाद निगरानी द्वारा आरोप सत्यापन करवाने पर शिकायत सही पाई गई। इसके बाद धावा दल का गठन किया गया और मंगलवार को हेड क्लर्क को घूस लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।