2021/03/24

समस्तीपुर में देर रात पिस्टल व कारतूस के साथ 3 युवकों को किया गिरफ्तार,पुलिस ने भेजा जेल

SAMASTIPUR : समस्तीपुर जिले नगर थाना क्षेत्र के माधुरी चौक के निकट पुलिस ने मंगलवार की देर रात एक लोडेड पिस्टल के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। 

गिरफ्तार युवकों की पहचान माधुरी चौक वार्ड 29 निवासी अनिल पासवान के पुत्र आनंद कुमार, देवेंद्र राय के पुत्र रोहित कुमार और नवादा जिला के हिसुआ थानाअंतर्गत भेलवा गांव के देवेंद्र सिंह के पुत्र सुधांशु कुमार के रूप में हुई है। 

गिरफ्तार आरोपितों के पास से 7.6 एमएम की एक पिस्टल, दो कारतूस, बिना नंबर की एक बाइक व मोबाइल बरामद हुआ है। 

नगर थाना के सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि मंगलवार को संध्या गश्ती के दौरान नगर थाना की पुलिस ने माधुरी चौक के निकट बिना नंबर की एक बाइक के साथ खड़े उक्त युवकों की जांच की।

 इस दौरान एक की कमर से लोडेड पिस्टल बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि नवादा जिला के सुधांशु अपने मित्र रोहित के घर आया था। दोनों भोपाल स्थित कृषि कॉलेज में साथ पढ़ते थे। 

यहां रोहित अपने मित्र आनंद कुमार से पिस्टल खरीदकर सुधांशु को देने वाला था। अचानक पिस्टल के साथ तीनों युवक पकड़े गए। 

सब इंसपेक्टर ने बताया कि आरोपितों ने विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मंगलवार को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।