2021/03/04

बिहार: रेलवे स्टेशन पर गूंजी किलकारी...महिला ने ट्रेन से उतरते ही दिया बेटी को जन्म...अब दोनों स्वस्थ

BHOJPUR : भोजपुर जिले के बिहिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरते ही एक महिला ने बच्ची को जन्म दे दिया. बच्ची के जन्म लेते ही उसकी किलकारी पूरे स्टेशन परिसर में गूंजने लगी और महिलाएं सोहर गाने लगीं. 

बिहार के भोजपुर जिले के बिहिया स्टेशन पर बुधवार की अहले सुबह कुछ ही क्षणों में नजारा बदल गया। ट्रेन संबंधी एनाउंसमेंट की आवाज की जगह स्टेशन परिसर नवजात की किलकारी और महिलाओं के सोहर से गूंजने लगा। 

दिल्ली से आ रही महिला का बिहिया में श्रमजीवी ट्रेन से उतरते ही प्रसव हुआ, इसके बाद ऐसा माहौल बन गया। स्टेशन पर बच्ची को जन्म देने वाली महिला पटना जिला के बख्तियारपुर के विधाचक निवासी संतोष महतो की पत्नी पूजा देवी है। 

प्रसूता महिला को जाना तो बख्तियारपुर था लेकिन असहनीय प्रसव पीड़ा के कारण उसे बिहिया स्टेशन पर ही उतरना पड़ा। ट्रेन से उतरने के कुछ क्षण बाद ही महिला ने स्टेशन पर ही सुंदर सी बिटियां को जन्म दे दिया। इसमें स्टेशन पर शटल पकड़ने के लिए खड़ी महिला यात्रियों ने अपना पूरा सहयोग दिया। 

महिला यात्रियों में जिसके पास जो कपड़ा था, उससे घेराबंदी कर दी और उसी में प्रसूता ने बच्ची को जन्म दिया। बच्ची के जन्म लेते ही वहां मौजूद महिला यात्रियों ने सोहर गाना शुरू कर दिया। देखते-देखते वहां लोगों की भीड़ भी जुट गई थी और सभी लोग ईश्वर की लीला की चर्चा भी कर रहे थे।    

दिल्ली में ई-रिक्शा चलाता है प्रसूता का पति: प्रसूता का पति दिल्ली में ई-रिक्शा चलाता है। प्रसूता के पति संतोष महतो ने बताया कि होली को लेकर गांव लौट रहे थे, तभी यह हुआ। उन्होंने बताया कि आरपीएफ व स्टेशन प्रबंधन के सहयोग से पत्नी व बच्ची को अस्पताल पहुचा दिया गया है।

 अब दोनों स्वस्थ है। बच्ची को टीका भी दिया गया। आरपीएफ के जवान चन्द्रशेखर सिंह, अनुज कुमार, होमगार्ड जवान लालवंशी प्रसाद व सौरभ कुमार श्रीवास्तव के सहयोग से अस्पताल पहुंचाया गया। 


पटना जिला के बख्तियारपुर के विधाचक निवासी संतोष महतो और उनकी पत्नी पूजा देवी डाउन स्पेशल श्रमजीवी एक्सप्रेस से दिल्ली से गांव लौट रहे थे। इसी बीच दिलदारनगर के समीप महिला को बहुत तेज पीड़ा होने लगी।

  प्रसूता को दर्द से तड़पते देख ट्रेन में यात्रा कर रहे कुछ लोगों ने बिहिया स्टेशन के नजदीक अस्पताल होने की जानकारी दी। इसके बाद जब ट्रेन बिहिया पहुंची तो प्रसूता का पति उसे लेकर अन्य यात्रियों के सहयोग से वहां उतर गया। अस्पताल जाने से पहले ही प्रसूता ने स्टेशन पर ही बच्ची को जन्म दे दिया।