2021/03/25

समस्तीपुर में बोलेरो ओवरटेक करने के चक्कर में मासूम को कुचल डाला, स्वजनों में चीख-पुकार मचा

SAMASTIPUR : समस्तीपुर जिले विभूतिपुर थाना क्षेत्र के रोसड़ा-समस्तीपुर पथ पर पटपारा में मंगलवार को एक अनियंत्रित बोलेरो से कुचलकर एक चार वर्षीय बालक की मौत घटनास्थल पर हीं हो गई। मृतक गांव के ही वार्ड 5 निवासी लालबाबू महतो का पुत्र रोहित कुमार बताया गया है। 
घटना के बाद स्वजनों में चीख-पुकार मच गई।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जामकर अपना विरोध जताया। चालक बोलेरो लेकर भागने में सफल रहा। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस के हस्तक्षेप के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया।

 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दी है। बताया जाता है कि बालक घर के निकट सड़क किनारे खड़ा था। 

इस क्रम में रोसड़ा से समस्तीपुर की ओर जा रही एक बोलेरो ओवरटेक करने के चक्कर में बालक को कुचल डाला। जोरदार आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े तो देखा कि घटना स्थल पर ही रोहित की मौत हो चुकी थी। 

मृतक की मां रितु देवी समेत स्वजनों का बुरा हाल हो रहा था। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। जानकारी देते हुए मृतक के पिता ने बताया कि इकलौते पुत्र की मौत के बाद उन्होंने थाने में एक आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई गई है। 


थानाध्यक्ष कृष्ण चंद्र भारती ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पुलिस कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया है। कांड अंकित कर पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है। इधर, बीडीओ धीरज कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार को योजना मद से 20 हजार रुपये का चेक दे दिया गया है।